वीडियो: पुलिस ने देवास की जनता के हाथ जोड़ लिए वही नगर निगम ने 2 दिन में शहर को सैनिटाइज करने का वादा किया
देवास। शहर में कोरोनावायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। लोग हैं कि डरने का नाम ही नहीं ले रहे। सोशल डिस्टेंसिंग के नियम को धता बता रहे हैं। पुलिस भी जागरूक कर करके थक गई।
आज पुलिस ने मार्च निकालकर जनता के हाथ जोड़ लिए। नगर पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह राठौड़ ने कहा है कि अगला एक हफ्ता बेहद सख्त होगा। पुलिस ने आज हाथ जोड़कर जनता को इशारा कर दिया है कि यह आखिरी मौका है इसके बाद पुलिस सख्ती से पेश आएगी। मार्च के बाद पुलिस के जवानों को कोतवाली टीआई एम एस परमार ने गीत भी सुनाया।
नगर निगम करेगा 2 दिन के अंदर पूरे शहर को सैनिटाइज
देवास शहर के लिए जिम्मेदार संस्था नगर निगम अब तक आलोचनाओं का शिकार होती रही। खाद्य वितरण हो या सैनिटाइजेशन का काम दोनों में जबरदस्त लापरवाही चल रही थी। आज प्रभारी आयुक्त अपर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने 2 दिन के अंदर पूरे शहर को सैनिटाइज करने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए उन्होंने आज सुबह नगर निगम पहुंचकर पूरी कार्य योजनाएं कर्मचारियों को समझाई।
देवास में सबसे गंभीर समय चल रहा है। इस समय यदि जनता नहीं समझी और प्रशासन ने लापरवाही की तो कोरोनावायरस हावी हो जाएगा। अब समय आ गया है कि अपनी जान से खिलवाड़ ना करें। लाक डाउन का पालन कर सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का उल्लंघन ना करें।