देवास। देवास बायपास पर एवरेस्ट स्कूल के पास पहाड़ी को काटकर एक कॉलोनी बनाई गई थी जिसका नाम देवास हाईवे सिटी रखा गया। कॉलोनी बायपास रोड से करीब आधा किलोमीटर अंदर है और एप्रोच रोड भी कच्चा है। बताया जा रहा है इस वजह से कॉलोनी के प्लॉट बिक नहीं रहे। इसलिए इंदौर के कॉलोनाइजर ने नगर निगम के सहयोग से एप्रोच रोड बनाने की कोशिश की।
रोड बनाने में गरीबों की तीन चार दुकानें तोड़ दी गई साथ में बायपास के किनारे पानी निकासी का रास्ता भी बंद कर दिया गया। इस वजह से बालगढ़ का तालाब भरने में परेशानी हो सकती है। पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी ने इसका विरोध किया, जिस पर इंदौर से आए कॉलोनाइजर के पुत्र ने पहले तो पूर्व पार्षद को डराने का प्रयास किया। लेकिन जब समर्थकों ने विरोध किया तो वह पीछे हो गया।
पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी का कहना है कि कॉलोनाइजर चरनोई की भूमि पर एप्रोच रोड बनाने का प्रयास कर रहा है जिसके लिए गरीबों की दुकानें बलपूर्वक हटा दी गई। साथ में बाईपास के किनारे पानी की निकासी का रास्ता भी बंद कर दिया। इसमें नगर निगम की भी मिलीभगत है। अर्जुन चौधरी द्वारा इस मामले की शिकायत नगर निगम में की जाएगी।
COMMENTS