चक्कर आने से मौत होना बताया जा रहा, फोन पर दी परिजन को सूचना देवास। मंगलवार को टोंकखुर्द तहसील के ग्राम धतुरिया के सैनिक जितेंद्र जलोदिया की...
चक्कर आने से मौत होना बताया जा रहा, फोन पर दी परिजन को सूचना
देवास। मंगलवार को टोंकखुर्द तहसील के ग्राम धतुरिया के सैनिक जितेंद्र जलोदिया की चंडीगढ़ में मौत हो गई। निधन की सूचना सैनिक के भाई कमल जलोदिया को फोन से दी गई। कमल ने बताया कि उनके पास मंगलवार की शाम को सात बजे फोन आया और बताया कि सैनिक जितेंद्र जलोदिया का निधन हो गया। निधन होने का कारण चक्कर आना बताया गया।
कमल के अनुसार जितेंद्र की पदस्थी लेह में थी। अभी लगभग दो माह से चंडीगढ़ ड्यूटी दे रहे थे। चंडीगढ़ से लेह के लिए रवाना होना था, तभी तबीयत खराब होने से मौत हो गई। जितेंद्र दीपावली के पहले छुट्टी पर आए थे। दो दिन पहले ही फोन पर जितेंद्र से बात हुई थी।
मौत की सूचना से गांव में शोक छा गया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेने बुधवार को परिजन चंडीगढ़ रवाना हुए। सैनिक जितेंद्र के दो बच्चे है। वर्ष 2000 में सितंबर माह में जितेंद्र की पदस्थी हुई थी।
सैनिक के दो भाई विष्णु जलोदिया व दूसरा कमल जलोदिया है। पिता विजय और माता गीता बाई जलोदिया है। चार-पांच बीघा जमीन है और दोनों भाई खेती करते हैं। घर की स्थिति गरीबी में थी जितेंद्र के सेना में जाने के बाद पूरी जिम्मेदारी घर की उसी के ऊपर थी। बालिका का नाम तनीषा जलोदिया (14) और बालक अनुज (11) है।
अटैक से हुई मौत, गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा
थाना प्रभारी अविनाशसिंह सेंगर ने मीडिया को बताया कि मौत डयूटी के दौरान अटेक से हुई है। हमारी बात उनके अधिकारी से हुई। उन्होंने बताया कि सैनिक को शहीद का दर्जा मिलेगा और गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार शाम तक पहुंचने की खबर है।
COMMENTS