देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दायरे में देश भर के किसानों को लिए जाने एवं 60 वर्ष की आयु से किसानों को पेंशन दिए जाने जैसे निर्णय लिए गए हैं। केंद्र सरकार के इन निर्णयों से प्रदेश भर के किसानों में प्रसन्नता है। इन निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री मोदी को जिले के किसान, पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धन्यवाद देंगे। देवास जिला भाजपा कार्यालय पर 3 जून को दोपहर 12.30 बजे बैठक में सांसद महेंद्र सोलंकी के माध्यम से जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार की उपस्थिति में धन्यवाद पत्र प्रधानमंत्री जी को भेजे जाएंगे।
भाजपा जिला प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ हर किसान को दिए जाने और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले किसानों को पेंशन दिए जाने का जो वादा किया था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अपने गठन के साथ ही उसे पूरा किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष पाटीदार ने कहा कि कैबिनेट के इन निर्णयों से देश भर के किसान लाभान्वित होंगे और इन ऐतिहासिक निर्णयों को देश भर में सराहा जा रहा है। जिले के किसान मोदी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित धन्यवाद पत्र 3 जून को सांसद महेंद्र सोलंकी को सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पार्टी के विधायक, पार्टी पदाधिकारी, किसान मोर्चा पदाधिकारी एवं विभिन्न किसान संगठन के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहेंगे।
जिलाध्यक्ष पाटीदार ने कहा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पहले पांच एकड़ तक के सीमांत और लघु सीमांत किसानों को ही मिलता था। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना का लाभ हर किसान तक पहुंचाने की घोषणा की थी। इसीलिए मोदी मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए प्रत्येक किसान को इस योजना से लाभान्वित करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से देश के लगभग 14.05 करोड़ किसानों को हर साल 6 हजार रूपए मिलेंगे।
5 करोड़ किसानों को मिलेगी सामाजिक सुरक्षा
उन्होंने कहा कि किसानों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में पेंशन योजना को स्वीकृति दी गयी है। पेंशन की सुविधा से तीन वर्षों में 5 करोड़ छोटे और सीमांत किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। केन्द्र सरकार इस योजना के अंतर्गत तीन वर्ष की अवधि के लिए 1774.50 करोड़ रूपए की राशि किसानों को सामाजिक सुरक्षा देने पर खर्च करेगी। उन्होंने बताया कि यह योजना देश भर के छोटे और सीमांत किसानों के लिए स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है। 60 वर्ष की आयु होने पर किसान को 3000 रूपए की न्यूनतम पेंशन मिलेगी।kisan
COMMENTS