देवास। बीएनपी थानांतर्गत सिया में मंगलवार रात एक ही समुदाय के दो पक्षो में विवाद हो गया। विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। तीन अन्य घायल हुए। एसपी सीएस सोलंकी ने बताया कि मृतक का नाम सबरुद्दीन है। तलवार और लाठियों से उसकी हत्या की गई। तीन अन्य घायल हुए हैं। बच्चो के विवाद में घटना हुई। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम सिया में एक ही समाज के दो पक्षों के बच्चों में मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे विवाद हो गया था। पहले तो मामला शांत हो गया लेकिन बाद रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों परिवारों में फिर विवाद हो गया। इस बार बड़े भी विवाद में कूद गए और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के सरफुद्दीन पिता शमशेरुद्दीन (35) पर धारदार हथियारों से हमला किया गया जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। इसके अलावा सोहेल सहित तीन अन्य भी घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सरफुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। उधर घायलों को उपचार के लिए भर्ती किया गया। मामले की जानकारी लगने पर एसपी चंद्रशेखर सोलंकी भी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले में आरोपित जफर, जावेद, अरबाज, रियाज, रईस निवासी सिया सहित अन्य के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। देर रात तक पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया था।
COMMENTS