देवास मतगणना: देवास-बागली में भाजपा का जलवा, खातेगांव-सोनकच्छ मेंं चल रही उथल-पुथल
देवास। विधानसभा चुनावों के मतों की गणना आज केंद्रीय विद्यालय बीएनपी में चल रही है। पांचों सीटों पर कांग्रेस व भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। देवास विधानसभा से शुरुआती दौर में पिछडऩे के बाद भाजपा ने बढ़त बना ली है। वहीं बागली में शुरू से मिली बढ़त और बढ़ती जा रही है। सोनकच्छ व खातेगांव में बार-बार समीकरण बदल रहे हैं। सोनकच्छ से जहां शुरुआती दौर में भाजपा के राजेंद्र वर्मा आगे थे वहीं बाद में कांग्रेस के सज्जन वर्मा ने बढ़त बना ली है। खातेगांव से कभी भाजपा के आशीष शर्मा आगे हो जाते हैं तो कभी कांग्रेस के ओम पटेल। हाटपीपल्या विधानसभा से कांग्रेस के मनोज चौधरी ने पहले ही राउंड से बढ़त बना रखी है, यहां मंत्री दीपक जोशी की राह आसान नजर नहीं आ रही है। हालांकि कुछ राउंड में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की लीड कम जरूर की है। दोपहर डेढ़ बजे तक के रुझानों की बात की जाए तो बागली सीट भाजपा की झोली में स्पष्ट रूप से जाती नजर आ रही है।
कहां क्या स्थिति दोपहर डेढ़ बजे तक
-देवास विधानसभा में नौ राउंड के बाद भाजपा की गायत्रीराजे पवार 7112 मतों से आगे हैं।
-हाटपीपल्या से 10वें राउंड तक कांग्रेस के मनोज चौधरी 3024 मत से आगे हैं।
-खातेगांव में 14 राउंड के बाद भाजपा के आशीष शमा्र 2926 से आगे हैं।
-बागली से 13 राउंड के बाद भाजपा के पहाड़ सिंह कन्नौजे 10976 मतों से आगे।
-सोनकच्छ से सज्जन वर्मा 2619 से आगे चल रहे हैं।
COMMENTS