छत्तीसगढ़ में कांग्रेस, तेलंगाना में टीआरएस की आंधी, राजस्थान में भी मुरझाया कमल
जयपुर/रायपुर/हैदराबाद। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणामों ने जहां भाजपा को निराशा दी है वहीं कांग्रेस के लिए सुखद है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आंधी में भाजपा ढेर हो गई है और यहां कांग्रेस की सरकार बनना तय है। वहीं राजस्थान में भी कमल नहीं खिल पाया और कांग्रेस की सरकार बनने के आसार नजर आ रहे हैं। दोपहर सवा दो बजे तक की स्थिति में राजस्थान में कांग्रेस 24 सीटें जीत चुकी थी और 82 पर आगे चल रही थी। वहीं भाजपा ने 15 सीटें जीत ली थीं और 53 पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे थे। यहां कुल 199 सीटें हैं। उधर छत्तीसगढ़ में 90 में से 63 सीटों पर कांग्रेस व 21 पर भाजपा आगे चल रही है। उधर तेलंगाना में टीआरएस एकतरफा जीत हासिल करने की राह पर है। यहां 119 में से पार्टी 86 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं मिजोरम में 40 में से 24 सीटें एमएनएफ जीत चुकी है और दो पर आगे है। कांग्रेस को यहां मात्र पांच व भाजपा को एक ही सीट मिली है।
मप्र में कांटे की टक्कर
मप्र में भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। दोनों ही पार्टियों की सीटें 110 के आसपास आगे-पीछे हो रही हैं। यदि यही परिणाम आया तो निर्दलीय व अन्य पार्टियों के विजेता निर्णायक भूमिका सरकार बनाने में निभाएंगे।
COMMENTS