बढ़ी शक्ति: बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सातवां सफल परीक्षण, 8000 किमी तक मारक क्षमता
नईदिल्ली/भुवनेश्वर। भारत के प्रति नापाक इरादे रखने वालों और उसे कमजोर आंकने वालों को अब सावधान रहना होगा। भारत ने बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का एक बार फिर से सफल परीक्षण किया है। यह सातवां परीक्षण सोमवार को ओडिशा तट के समीप डॉ. अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। उल्लेखनीय है कि सतह से सतह पर मार करने में सक्षम यह मिसाइल स्वदेश में ही विकसित की गई है। इस मिसाइल को विकसित करने वाला भारत दुनिया का पांचवां देश है। अभी तक ये मिसाइल केवल अमेरिका, रूस, चीन और फ्रांस के ही पास थीं। रक्षा सूत्रों के अनुसार अग्नि-5 में डेढ़ टन विस्फोटक पदार्थ ढोने की क्षमता है और यह 5-8 हजार किमी तक मार करने की क्षमता रखती है। इसका पहला सफल परीक्षण साल 2012, दूसरा 2013, तीसरा 2015, चौथा 2016, पांचवां जनवरी 2018 और छठा जून 2018 में हुआ है। इस मिसाइल को डीआरडीओ द्वारा विकसित किया गया है।
COMMENTS